
सरगुजा / उदयपुर (02 सितंबर):
सरगुजा जिले के उदयपुर /लखनपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ससाकलो जंगल के पास आज दोपहर एक लोनर (अकेला) हाथी के हमले में 61 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल वृद्ध की पहचान बिशन राम मझवार (पिता: दसरू राम), निवासी ग्राम ससाकलो के रूप में हुई है।
घटना दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच बिशन राम साइकिल से अकेले ग्राम जूकमा की ओर जा रहे थे। रास्ते में ससाकलो के घने जंगलों से गुजरते समय अचानक उनका सामना लोनर हाथी से हो गया। हाथी के अचानक किए गए हमले में वह बुरी तरह जख्मी हो गए। उनके जबड़े, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आई है
स्वास्थ्य स्थिति: घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों व वन अमले की मदद से उन्हें लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाके में दहशत: स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह लोनर हाथी बीते कई महीनों से उदयपुर और लखनपुर क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है। कुछ दिन पूर्व यह हाथी अदानी पावर प्लांट परिसर में भी घुस गया था, जिसे वन अमले ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला था। आए दिन हाथी की मौजूदगी से दोनों ब्लॉकों के ग्रामीण भारी दहशत में हैं।
वन विभाग की अपील व उपस्थिति: वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने जंगल की ओर न जाने तथा हाथी की सूचना मिलने पर तुरंत वन कर्मियों को सूचित करने को कहा है। मौके पर वनपाल देवानंद पैकरा, बीट गार्ड अवधेश गोस्वामी, बीट गार्ड राजेश कुजूर, बीट गार्ड इंद्र प्रसाद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।