
कन्हाई राम बंजारा। अम्बिकापुर/सूरजपुर। श्री बिरंची बाबा धाम प्रेमनगर में सार्वजनिक शारदीय नवरात्रि कार्यक्रम के आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। बंजारा समाज तारा परिक्षेत्र प्रेमनगर, सूरजपुर-सरगुजा एवं नगरवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दस दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ आज 11 अक्टूबर को शाम 5 बजे ज्वारा स्थापना एवं प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन 20 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। आयोजकों ने बंजारा समाज सहित सर्वसमाज के श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।
श्री बिरंची बाबा धाम में लगातार तीसरे वर्ष सार्वजनिक शारदीय नवरात्रि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में बंजारा समाज के सामाजिक बंधुओं के साथ प्रेमनगर नगर पंचायत के नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों का भी सहयोग मिल रहा है। श्रद्धालुओं की सहभागिता और सामूहिक सहयोग से धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने की तैयारी की गई है।
*दस दिनों तक भक्ति और आस्था का माहौल*
नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, जागरण एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मां दुर्गा की आराधना और श्री बिरंची बाबा के प्रति श्रद्धा के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के सार्वजनिक धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सामाजिक एकता एवं सद्भावना को मजबूती मिलती है।
*समाज को नई दिशा देने के लिए संकल्पित है बंजारा समाज : कन्हाई राम बंजारा*
बंजारा समाज तारा परिक्षेत्र के अध्यक्ष कन्हाई राम बंजारा ने कहा कि श्री बिरंची बाबा, याड़ी मेरामा, संत सेवालाल महाराज एवं बाबा लक्खीशाह बंजारा के आशीर्वाद से समाज को एकता और संगठन के सूत्र में बांधकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंजारा समाज को आर्थिक, शैक्षणिक, राजनीतिक एवं सामाजिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाते हुए एक नई दिशा प्रदान करना हम सभी का सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता से ही विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। श्री बिरंची बाबा धाम में आयोजित यह सार्वजनिक नवरात्रि कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और समर्पण का भी प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी लोगों एवं सर्वसमाज के श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागी बनकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
*पूर्वजों की धरोहर और धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाना गौरव की बात : प्रमोद कुमार बंजारा*
ऑल इंडिया बंजारा सेवा संघ, जिला सूरजपुर के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारा ने कहा कि श्री बिरंची बाबा का आशीर्वाद हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हमारे पूर्वजों द्वारा स्थापित इस पवित्र धाम में नगरवासियों एवं समाज के लोगों के साथ मिलकर सेवा करने का अवसर मिलना हम सभी के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक सद्भावना मजबूत होती है तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और पूर्वजों की धरोहर से जुड़ने का अवसर मिलता है। भविष्य में भी इसी प्रकार सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता से धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज में एकता कायम रहे और सभी मिलकर विकास का नया आयाम स्थापित कर सकें।
*सर्वसमाज से सहभागिता की अपील*
आयोजक मंडल ने बंजारा समाज सहित समस्त नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे श्री बिरंची बाबा धाम प्रेमनगर पहुंचकर सार्वजनिक शारदीय नवरात्रि कार्यक्रम में सहभागी बनें तथा सामूहिक सहयोग और समर्पण के साथ धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।