उदयपुर (सरगुजा)सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुटा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ दूसरी जाति में विवाह करने से नाराज एक बेटे ने अपने 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अपनी पत्नी को लेकर सूरजपुर के जयनगर भाग गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी परबल मझवार (50) ने कुछ समय पहले दूसरी जाति की युवती से शादी की थी और उसे अपने घर ले आया था। मृतक मनिनाथ मझवार (70), जो ग्राम पुटा के हरपारा के रहने वाले थे, इस रिश्ते से नाराज थे। पिता को डर था कि समाज उनका हुक्का-पानी बंद कर देगा (सामाजिक बहिष्कार), जिसे लेकर पिता-बेटे के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जब घर पर दोनों अकेले थे, तब इसी बात को लेकर फिर से विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कलयुगी बेटे ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही वृद्ध पिता को हाथ-लातों और मुक्कों से तब तक पीटा, जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं।
मां लौटी तो खुला राज, सदमे में परिवार
वारदात के वक्त बुजुर्ग की पत्नी (आरोपी की मां) किसी काम से बाहर गई हुई थीं। देर शाम जब वह घर लौटीं, तो आंगन में मनिनाथ का खून से लथपथ शव देखा। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और सरपंच पति नंदा राम को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और उदयपुर सीएचसी में पोस्टमार्टम कराया।
रात 1 बजे हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी पत्नी को लेकर फरार हो गया था। पुलिस को आशंका थी कि वह सूरजपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि पुलिस ने रात 1 बजे जयनगर में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आते ही न्यायालय में चार्जशीट पेश कर दी जाएगी।