क्रूरता की हद पार: सरगुजा के उदयपुर में जीवित गाय को रस्सी से बांधकर डंडे से पीटा, टूटी रीढ़ की हड्डी; ग्रामीणों में भारी आक्रोश
उदयपुर (सरगुजा) उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मणगढ़ से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक अत्यंत क्रूर मामला सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति ने एक बेजुबान जीवित गाय को रस्सी से कसकर बांधकर बांस के मोटे डंडे से बेरहमी से पिटाई की, जिससे गाय की रीढ़ की हड्डी, पैर और गर्दन टूट गए। गंभीर रूप से घायल यह मूक पशु मौत के कगार पर पहुँचकर तड़प रहा है। इस अमानवीय घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान गांव के ही भुनेश्वर साहू के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी ने पहले गाय को रस्सी से कसकर बांधा और फिर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ और निर्दयतापूर्वक हमले किए। पिटाई इतनी भयानक थी कि गाय मौके पर ही गिर पड़ी और उठने में पूरी तरह असमर्थ हो गई।
पीडि़त पशु के मालिक विवेक कुमार यादव ने बताया कि उनकी गाय को इस तरह अधमरा कर दिया गया है कि उसके पैर, गर्दन और रीढ़ की हड्डी पूरी तरह टूट चुकी है और वह चलने में भी लाचार है। एक बेजुबान के साथ ऐसी वीभत्स क्रूरता देख स्थानीय लोग और ग्रामीण स्तब्ध हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की माँग
घटना से आक्रोशित ग्रामीण महिलाओं और नागरिकों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की माँग की है:
- जेठी बाई (ग्रामीण महिला): “गाय हमारी माता है, उसके साथ ऐसा बर्ताव देखकर हमारा दिल कांप गया। गाँव के सभी लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं.”
- डेरिहा राम (ग्रामीण): “भुनेश्वर साहू ने सारी हदें पार कर दी हैं। प्रशासन को तुरंत इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा गाँव में बड़ा आंदोलन किया जाएगा.”
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुँचकर स्थिति का मुआयना किया। घायल गोवंश का पशु चिकित्सक के माध्यम से इलाज कराने का प्रयास जारी है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और गौवंश संरक्षण के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर माँग की है।