
उदयपुर (सरगुजा):
उदयपुर विकासखंड क्षेत्र के सरपंच संघ एवं सचिव संघ की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक रामगढ़ शेड में आयोजित की गई। यह बैठक सरपंच संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह मरकाम एवं सचिव संघ अध्यक्ष बाबूलाल महंत की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद पंचायत उदयपुर क्षेत्र के समस्त सरपंच और पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत बड़ेगांव की सरपंच स्व. श्रीमती भजन्ति नाग के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं सचिवों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने के उद्देश्य से दोनों संघों के संयुक्त सहयोग से दिवंगत सरपंच के परिजनों को 59 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
इसके साथ ही बैठक में ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन के दौरान आ रही विभिन्न व्यावहारिक परेशानियों और समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पंचायतों के सुचारू कामकाज और ग्रामीणों से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संघ द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।