
उदयपुर: कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण, किसानों की समस्याएं सुनीं
उदयपुर (सरगुजा): छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उदयपुर द्वारा क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोजवंती सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी सिद्धार्थ सिंह देव एवं ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डुमरडीह (उदयपुर) केंद्र का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र पर धान खरीदी की स्थिति, धान के उठाव और समिति में शेष बचे धान के स्टॉक की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने वहां उपस्थित किसानों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। किसानों ने धान बिक्री, खाद की उपलब्धता और कृषि से जुड़ी विभिन्न कठिनाइयों से अवगत कराया, जिस पर नेताओं ने उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उदयपुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संकलित किए गए सभी तथ्यों और समस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी।
इस निरीक्षण दल में मुख्य रूप से उदयपुर मंडल अध्यक्ष रोहित सिंह टेकाम, डॉडगांव मंडल अध्यक्ष योगेंद्र सिंह पैकरा, मंडल महामंत्री रूप साय टेकाम सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।